मशहूर पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर बी प्राक को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक सदस्य आरजू बिश्नोई ने कॉल कर जान से मारने की धमकी दी। उसने कॉल पर धमकी देते हुए कहा कि 10 करोड़ रुपए दो वरना मिट्टी में मिला देंगे। दरअसल, सबसे पहले बी प्राक के करीबी दोस्त और पंजाबी गायक दिलनूर को एक अज्ञात विदेशी नंबर से कॉल आया था। 5 जनवरी को दिलनूर को 2 बार कॉल आया था लेकिन जब उसे ये बात अजीब लगी तो उसने कॉल काट दिया। जिसके बाद 6 जनवरी को उसे वॉयस मैसेज रिसीव हुआ। वॉयस मैसेज में कहा गया कि मैं आरजू बिश्नोई बोल रहा हूं, उसने खुद को लॉरेंस गैंग से बताया। फिर कॉल पर कहा कि 1 हफ्ते के अंदर 10 करोड़ रुपए चाहिए वरना बी प्राक को मिट्टी में मिला देंगे। 

 

इस मामले में दिलनूर ने 6 जनवरी को मोहाली में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। जिसके बाद इस मामले में गहनता से जांच की जा रही है। बता दें, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने बी प्राक और उनके आसपास के सुरक्षा इंतजाम भी बढ़ा दिए हैं।

 

कौन हैं बी प्राक

 

बी प्राक बॉलीवुड और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में एक जाना-माना नाम हैं। उनके कई गाने सुपरहिट हुए हैं। बी प्राक लंबे समय से इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। ऐसे समय में जब गैंगस्टर और माफिया के जहरीले इरादों की खबरें बढ़ रही है, ये घटना फैंस और इंडस्ट्री के लिए चिंता का विषय बन गई है।

 

विशेषज्ञों का मानना है कि किसी सेलिब्रिटी को धमकी देना सिर्फ रंगदारी का मामला नहीं बल्कि बड़े पैमाने पर देश की सुरक्षा संकट को भी दर्शाता है। अब देखना ये है कि मामले की जांच में आगे क्या कुछ निकलकर आता है।