क्या आपने डोरेमोन, शिनचैन और पिकाचू की आवाज देने वाली सोनल कौशल के बारे में सुना है? टीवी पर आने वाले कार्टून शोज बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी खूब पसंद आते हैं। डोरेमोन, शिनचैन, पिकाचू और पावरपफ गर्ल्स जैसे कार्टून किरदारों ने हर घर में अपनी खास जगह बनाई है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इन मशहूर किरदारों के पीछे जिस आवाज ने जान फूंकी है, वो हैं 'वॉइस आर्टिस्ट सोनल कौशल'।

 

सोनल कौशल ने बेहद कम उम्र में वॉइस एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। महज 13 साल की उम्र में उन्होंने जापानी कार्टून डोरेमोन के मुख्य किरदार को हिंदी में आवाड देना शुरू किया। उनकी मासूम और चुलबुली आवाज ने डोरेमोन को बच्चों का सबसे प्यारा दोस्त बना दिया। आज भी जब डोरेमोन टीवी पर आता है, तो सोनल की आवाज सीधे बचपन की यादों से जोड़ देती है।

 

कई मशहूर कार्टून किरदारों की निभाई भूमिका

 

डोरेमोन के अलावा सोनल कौशल ने कई मशहूर कार्टून किरदारों को अपनी आवाज दी है। पोकेमॉन के पिकाचू, पावरपफ गर्ल्स की बबल्स और शिनचैन जैसे लोकप्रिय शोज में उनकी आवाज ने किरदारों को और भी जीवंत बना दिया। खास बात ये कि सोनल ने सिर्फ बच्चों के कार्टून तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि फिल्मों, वेब सीरीज और विज्ञापनों में भी वॉइस ओवर किया है।

 

सोनल का मानना है कि वॉइस एक्टिंग सिर्फ आवाज नहीं, बल्कि भावनाओं को सही तरीके से व्यक्त करने की कला है। वे कहती हैं कि एक ही आवाज से अलग-अलग किरदार निभाना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन यही इस काम को खास बनाता है।

 

आज सोनल कौशल की आवाज करोड़ों लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है। भले ही उनका चेहरा ज्यादा लोगों ने न देखा हो, लेकिन उनकी आवाज ने उन्हें हर घर में पहचान दिला दी है। वॉइस एक्टिंग की दुनिया में सोनल कौशल एक ऐसी मिसाल हैं, जिन्होंने साबित कर दिया कि पर्दे के पीछे रहकर भी बड़ी पहचान बनाई जा सकती है।