हिमालय की चोटियों पर ताजा बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाएं मैदानों में पहुंच रही हैं, जिससे उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में ठंड तेजी से बढ़ गई है। राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और हिमाचल के 30 जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। वहीं दिल्ली की हवा फिर जहरीली हो गई है और शनिवार को AQI 400 पार पहुंच गया।
राजस्थान में सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। सीकर में तापमान 7 डिग्री तक गिरा, जबकि अलवर, उदयपुर और झुंझुनूं में पारा सिंगल डिजिट में पहुंच गया। करौली और बारां में पहली बार तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। ठंडी हवाओं से पूरा प्रदेश ठिठुर गया है।
मध्यप्रदेश में भी बर्फीली हवा का असर साफ दिख रहा है। भोपाल, इंदौर और राजगढ़ जैसे शहर इस समय देश के टॉप 12 सबसे ठंडे शहरों में शामिल हैं। राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 दिनों में राज्यभर में तापमान 1 से 3 डिग्री और गिर सकता है। पेंड्रा और अमरकंटक में भी सीजन की पहली कड़ाके की ठंड दर्ज की गई है।
दक्षिण भारत में भी सर्दी दस्तक दे चुकी है। तमिलनाडु के ऊटी में ओस जमने लगी है। सुबह के वक्त गाड़ियों और पेड़ों पर जमी ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो गईं, जिससे हिल स्टेशन में ठंड का असर साफ महसूस किया गया।
हरियाणा में भी शिमला जैसी ठंड महसूस की जा रही है। हिसार और महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी और रात का तापमान 7 से 10 डिग्री के बीच रहेगा।
बिहार में भी ठंडी पछुआ हवाओं ने दस्तक दे दी है। पटना में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस साल नवंबर के दूसरे सप्ताह में ही ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है और आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है।
झारखंड में भी रात का पारा तेजी से नीचे गिर रहा है। गुमला का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री दर्ज किया गया जबकि 10 जिलों में तापमान 15 डिग्री से नीचे चला गया है। अगले तीन दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है।