बिग बॉस 19 के वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने तान्या मित्तल की जमकर क्लास लगाई और उनके गेम प्लान की पोल खोल दी। शो के नए प्रोमो में सलमान तान्या से कहते नजर आए, “तान्या आपका नॉमिनेशन प्लान तो फेल हो गया। बिग बॉस ने तो आपको अमाल का ऑप्शन ही नहीं दिया। आपने इतना बिल्डअप किया कि मैं सबके सामने अमाल को भैया बोलूंगी। जलाना चाह रही थीं, उकसाना चाह रही थीं, लेकिन किसी को फर्क ही नहीं पड़ा। अब भैया से सैंया तक तो जा नहीं सकतीं। अगर यही आपका गेम है तो वाह, क्या गेम है आपका!”
सलमान का ये तंज उस एपिसोड पर था, जहां तान्या ने खुद को अमाल की बहन बताया था और सभी के सामने उन्हें ‘भैया’ कहा था। नॉमिनेशन के दौरान उन्होंने बिग बॉस से ये मांग भी की थी कि उन्हें अमाल और किसी एक कंटेस्टेंट में से चुनने का मौका दिया जाए, ताकि वो अमाल को नॉमिनेट करने का कारण बता सकें, लेकिन बिग बॉस ने ऐसा कोई मौका नहीं दिया।
इस हफ्ते के नॉमिनेशन में पांच कंटेस्टेंट्स शामिल हैं - अभिषेक बजाज, अशनूर कौर, गौरव खन्ना, नीलम गिरी और फरहाना भट।
इसी बीच घर में प्रणीत मोरे की वापसी भी हुई है। वो हेल्थ इश्यू की वजह से बाहर गए थे। उनकी एंट्री से कुछ घरवाले खुश नजर आए, लेकिन फरहाना और तान्या उनसे दूरी बनाए रखीं। कैप्टन अमाल मलिक ने भी प्रणीत को कोई जिम्मेदारी नहीं दी।
घर का माहौल एक बार फिर गरम हो गया है। फरहाना और अमाल के बीच झगड़ा हुआ जब अमाल ने फरहाना से अपनी प्लेट धोने को कहा, जिस पर उन्होंने मना कर दिया। इस बात पर कुनिका और फरहाना के बीच बहस छिड़ गई। बाद में तान्या ने खुद प्लेट धो दी, जिस पर कुनिका ने कहा कि तान्या सिर्फ फुटेज के लिए ऐसा करती हैं।
अगले दिन भी घर में झगड़े जारी रहे। फरहाना ने अमाल से शिकायत की कि कुनिका ने उन्हें नाश्ता नहीं दिया। वहीं घर में ‘द प्रणीत मोरे शो’ भी हुआ, जिसमें फरहाना और तान्या को नहीं बुलाया गया। शो के दौरान प्रणीत ने तान्या को फेक कहा।