हिंदू धर्म में मंगलसूत्र को सुहागिन महिलाओं के लिए सबसे पवित्र आभूषण माना गया है। यह सिर्फ गहना नहीं बल्कि पति की लंबी उम्र और वैवाहिक सुख का प्रतीक है। ‘मंगल’ का अर्थ है शुभ और ‘सूत्र’ का मतलब है धागा, यानी मंगलसूत्र वह पवित्र डोर है जो दो आत्माओं को जोड़ती है। लेकिन जब यही मंगलसूत्र सपने में दिखाई दे, तो इसका क्या मतलब होता है? स्वप्न शास्त्र में मंगलसूत्र से जुड़े कई संकेत बताए गए हैं जो भविष्य की घटनाओं की ओर इशारा कर सकते हैं।
अगर सपने में मंगलसूत्र चमकता हुआ या सही हालत में नजर आए, तो यह शुभ माना जाता है। ऐसा सपना जीवन में सुख, समृद्धि और पति-पत्नी के रिश्ते में मिठास आने का संकेत देता है। वहीं अगर मंगलसूत्र टूटा, गंदा या फटा हुआ दिखे, तो यह आने वाले तनाव या रिश्ते में दरार की ओर इशारा कर सकता है।
सपने में मंगलसूत्र उतारना अशुभ संकेतों में गिना जाता है। इसका मतलब है कि पति को किसी परेशानी या तनाव का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे समय में भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना करना शुभ माना जाता है।
अगर सपने में आप मंगलसूत्र खरीदते हुए नजर आते हैं, तो यह बेहद शुभ सपना माना गया है। यह आर्थिक लाभ, पारिवारिक खुशियों और किसी अच्छे समाचार के आने की ओर संकेत करता है।
वहीं मंगलसूत्र बेचना या किसी और को देना अच्छा नहीं माना जाता। स्वप्न शास्त्र के अनुसार ऐसा सपना इस बात की ओर इशारा करता है कि आपके वैवाहिक रिश्ते में गलतफहमियां या दूरी बढ़ सकती है।
अगर किसी महिला को सपना आए कि वह मंगलसूत्र पहन रही है, तो यह बहुत सकारात्मक संकेत है। ऐसा सपना बताता है कि भाग्य उसका साथ देगा और जीवन में पति का प्रेम व समर्थन बना रहेगा।
सपने में मंगलसूत्र खो जाना या चोरी होना भी अशुभ संकेत माना गया है। इसका मतलब है कि पति-पत्नी के बीच गलतफहमियां या प्यार में कमी आ सकती है। ऐसे सपनों के बाद रिश्ते में संवाद और भरोसे को मजबूत करना जरूरी होता है।
स्वप्न शास्त्र के जानकारों का मानना है कि मंगलसूत्र से जुड़े सपने सीधा संबंध व्यक्ति के दांपत्य जीवन से रखते हैं। इसलिए ऐसे सपनों को नजरअंदाज करने की बजाय, इन्हें सावधानी और समझदारी से लेना चाहिए।