इस दिसंबर के महीने होंगे 6 बड़े बदलाव; PAN लिंकिंग से लेकर ITR और लोन तक, जानिए इस महीने क्या जरूरी करना होगा

PAN और आधार लिंकिंग की आखिरी तारीख से लेकर ITR फाइल करने की डेडलाइन, RBI की ब्याज दरों पर बड़ी घोषणा और SBI की mCASH सर्विस बंद होने तक कई नियम सीधे आपकी जेब और कामकाज पर असर डालेंगे।

इस दिसंबर के महीने होंगे 6 बड़े बदलाव; PAN लिंकिंग से लेकर ITR और लोन तक, जानिए इस महीने क्या जरूरी करना होगा

इस दिसंबर के महीने होंगे 6 बड़े बदलाव; PAN लिंकिंग से लेकर ITR और लोन तक, जानिए इस महीने क्या जरूरी करना होगा / canva

दिसंबर का महीना कई अहम बदलाव लेकर आया है। PAN और आधार लिंकिंग की आखिरी तारीख से लेकर ITR फाइल करने की डेडलाइन, RBI की ब्याज दरों पर बड़ी घोषणा और SBI की mCASH सर्विस बंद होने तक कई नियम सीधे आपकी जेब और कामकाज पर असर डालेंगे। इसके साथ ही कॉमर्शियल गैस सिलेंडर भी सस्ता हुआ है। यहां जानते हैं इस महीने होने वाले 6 प्रमुख बदलाव।

 

1- PAN-आधार लिंक करने की आखिरी तारीख 31 दिसंबर


इनकम टैक्स विभाग ने PAN और आधार को लिंक करने की डेडलाइन 31 दिसंबर तय की है। यह नियम उन सभी पर लागू है जिनका PAN, आधार एनरोलमेंट ID के आधार पर 1 अक्टूबर 2024 से पहले जारी हुआ था। अगर आप तय समय पर लिंकिंग नहीं करते हैं तो PAN डी-एक्टिव हो जाएगा। इससे ITR फाइल करना, बैंक KYC, लोन लेना और सरकारी सब्सिडी पाना मुश्किल हो जाएगा। लिंकिंग प्रक्रिया ई-फाइलिंग पोर्टल पर PAN, आधार और OTP से पूरी हो जाती है। देरी पर जुर्माना भी देना होगा।

 

2- RBI की MPC मीटिंग में ब्याज दर पर बड़ा फैसला संभव


RBI की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की बैठक 3 से 5 दिसंबर के बीच होगी। उम्मीद है कि RBI ब्याज दर 0.25% घटाकर 5.25% कर सकता है। ऐसा होने पर होम लोन और पर्सनल लोन सस्ते होंगे और EMI कम हो सकती है। इससे पहले RBI ने पिछले तीन अवसरों पर रेपो रेट में कुल 1% की कटौती की थी।

 

3- लेट फीस के साथ ITR फाइल करने का आखिरी मौका 31 दिसंबर


असेसमेंट ईयर 2025-26 के लिए तय तारीख के बाद ITR भरने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर है। 5 लाख तक की आय वालों के लिए लेट फीस 1,000 रुपए है और इससे अधिक वालों के लिए 5,000 रुपए। समय पर ITR न भरने पर नोटिस आ सकता है। साथ ही लॉस कैरी फॉरवर्ड का लाभ भी नहीं मिलेगा। पोर्टल पर फॉर्म-16, बैंक स्टेटमेंट, कैपिटल गेन और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ रखें ताकि आखिरी समय में परेशानी न हो।

 

4- टैक्स ऑडिट मामलों के लिए ITR फाइलिंग की नई डेडलाइन 10 दिसंबर


CBDT ने टैक्स ऑडिट वाले मामलों में ITR फाइल करने की तारीख बढ़ाकर 10 दिसंबर कर दी है। यह उन व्यवसायियों और प्रोफेशनल्स पर लागू है जिनका टर्नओवर 1 करोड़ से अधिक है। फॉर्म 3CD के साथ संबंधित ITR फॉर्म 10 दिसंबर से पहले फाइल करना जरूरी है, नहीं तो 234A के तहत ब्याज लगेगा।

 

5- SBI की mCASH सर्विस बंद


SBI की लोकप्रिय mCASH सर्विस अब पूरी तरह बंद कर दी गई है। इसे OnlineSBI और YONO Lite के जरिए पैसे भेजने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। अब ग्राहक UPI, NEFT या IMPS जैसे विकल्पों का उपयोग कर सकेंगे। बैंक के अनुसार यह कदम डिजिटल पेमेंट सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिए उठाया गया है।

 

6- कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 10.50 रुपए तक सस्ता


19 किलो वाला कॉमर्शियल LPG सिलेंडर देशभर में आज से सस्ता हो गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 10 रुपए घटकर 1580.50 रुपए हो गई है। मुंबई में 10.50 रुपए की कमी के बाद इसकी नई कीमत 1531.50 रुपए हो गई है।